‘प्रकृति से जुड़ा है उत्तराखंड का जीवन’: नैनीताल में बोले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मानसून में अधिक से अधिक पौधरोपण की अपील

Dehradun News | मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल के भीमताल में झील सौंदर्यीकरण अभियान कार्यक्रम में प्रतिभाग कर भीमताल झील परिक्षेत्र में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनसमूह को विश्व पर्यावरण दिवस की बधाई देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति संकल्पबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया । मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और जीवन शैली का प्रकृति के साथ गहरा जुड़ाव रहा है। हमारे लोक पर्व, परम्पराएं और जनजीवन सदैव पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को सुदृढ़ करते रहे हैं। यह दिवस प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और संरक्षण की भावना को प्रदर्शित करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें एकजुट होकर प्रकृति के संरक्षण की दिशा में भी चिन्तन करना होगा। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिला झीलों के नाम पर विश्वविख्यात है, यहॉं देश विदेश से वर्ष भर पर्यटक आते हैं। झीलों का संरक्षण व सवर्धन सरकार की प्राथमिकता में है। इसी उद्देश्य से भीमताल झील किनारे फूलों के पौध रोपित करने के साथ ही इसका सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने आह्वान करते हुए कहा कि इस मानसून में प्रत्येक नागरिक अधिक से अधिक पौधरोपण करने के साथ ही पौधों एवं जल स्रोतों के संरक्षण, नदियों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के लिए आगे आएं। उन्होंने इस अभियान में सभी से सक्रिय भागीदारी की भी अपील की है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी पूज्य माता श्रीमती बिसना देवी के नाम से एक बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया ।
इस अवसर पर शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन व जलागम प्रबंधन मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा द्वारा भी अपनी स्व. माता श्रीमती रेवती देवी जी की स्मृति में एक पौधे का रोपण किया गया ।

इस दौरान कुमाऊं आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री श्री दीपक रावत द्वारा अपनी पूज्य माता श्रीमती सावित्री रावत, जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल द्वारा अपनी पूज्य माता श्रीमती उमा देवी रयाल, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्विनी अरविंद पाटील द्वारा अपनी पूज्य माता स्व. श्रीमती मीना अरविंद पाटील की स्मृति में तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविंद कुमार पाण्डे द्वारा अपनी पूज्य माता श्रीमती नागिन्दी पाण्डे, वन संरक्षक श्री नितीश मणी त्रिपाठी द्वारा अपनी पूज्य माता श्रीमती नीलम मणी त्रिपाठी जी के नाम से पौधा रोपित किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी श्री आकाश गंगवार, आईटीबीपी से 34 बटालियन के कमाडेंट श्री हेमंत कुमार, जिला विकास अधिकारी श्री गोपाल गिरी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, प्रकृति प्रेमी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *