मुख्यमंत्री ने किया टिहरी लेक फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ, साहसिक खेलों और स्थानीय खान-पान को दिया बढ़ावा

लाइफ जैकेट पहने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को जब टिहरी झील के करीब पहुंचे, तो उनके पास दो विकल्प थे। या तो वह अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी सुबोध उनियाल और अपने विधायक साथियों के साथ पहले बोटिंग करते या फिर एक गाइड के साथ अकेले ही जेट स्की का आनंद लेने निकल पड़ते। उन्होंने जेट स्की पर हाथ आजमाना चुना और निकल पडे़ रोमांच के सफर पर। बाद में उन्होंने बोटिंग भी की।
टिहरी लेक फेस्टिवल का विधिवत उद्घाटन करने के बाद शुक्रवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कोटी कॉलोनी में लगे तमाम स्टाॅल का निरीक्षण किया। उन्होंने आईटीबीपी के जवानों से भी मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने टिहरी झील की ओर पहुंचकर एक-एक गतिविधि का हिस्सा बनकर फेस्टिवल का प्रमोशन किया। बोटिंग में उनके साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय, विनोद कंडारी, शक्तिलाल शाह आदि मौजूद रहे।

कोटी कॉलोनी स्थित आयोेजन स्थल पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी लिया। यहां पर महिलाओं की रामलीला समिति ने आकर्षक स्टॉल लगाया है। इसे पहाड़ी घर नाम दिया गया है, जहां पर पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सीएम के यहां पहुंचने से महिलाएं उत्साहित नजर आईं। समिति से जुड़ीं रचना उनियाल के अनुसार-सीएम ने उनकी समिति को प्रोत्साहित किया है। सीएम ने लाल चावल, भट्ट की चुटकाणी, झंगोरे की खीर खाकर उसकी तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *