पत्रकारों की सेहत का ख्याल: हल्द्वानी मीडिया सेंटर में चिकित्सा शिविर संपन्न, विशेषज्ञों ने दीं स्वास्थ्य सेवाएँ

Dehradun News | पत्रकारों की जीवन शैली, कार्य की अधिकता और अनियमित दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पत्रकारों के लिए विशेष चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जाने के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में एक दिवसीय चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से यह शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ हरीश चंद्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय ने शिविर में उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित इस शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, बीपी, शुगर, थायरॉइड एवं विभिन्न रक्त जांच सहित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक एवं फिजिशियन द्वारा लाभार्थियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

शिविर में जनपद के हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं, कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 100 से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिजनों ने शिविर का लाभ उठाया।

संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर सभी क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों एवं आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। यह शिविर राज्य सरकार की उस दूरदर्शी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसके अंतर्गत “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

शिविर में डॉ.आर एस कुॅवर फिजीशियन, डॉ सुधांशु सिंह हृदय रोग विशेषज्ञ, डॉ पीएस खोलिया, हड्डी रोग विशेषज्ञ, डॉ अनीता पवार, स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ विजय, नेत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ दीप्ति, दंतरोग विशेषज्ञ तथा दीपा सुनारी फार्मेसिस्ट के साथ ही मेडिकल टीम , जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि व अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *